संभल। प्राचीन तीर्थ व कूपों को संवारने के लिए चल रही नगर पालिका की कवायद लगातार जारी है। इसी क्रम में तीन और कूप को संवारने की तैयारी शुरू की है। इन तीनों कूप की सफाई शुरू करा दी गई है। साथ ही सौंदर्यीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी चल रही है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा। नगर पालिका के ईओ मणिभूषण तिवारी का कहना है कि प्राचीन तीर्थ और कूप संवारने के लिए लगातार कार्य चल रहा है। इसी क्रम में तीन और कूप पर कार्य कराया जाना है। इस पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सरायतरीन के मोहल्ला दरबार में जामा मस्जिद के सामने स्थित रसोदक कूप सबसे प्राचीन माना जा रहा है। इस कूप की बनावट दूसरे कूपों से अलग है। यह सबसे बड़ा भी कूप माना जा रहा है। ईओ ने बताया कि रसोदक कूप के अलावा हल्लू सराय में स्थित अमृत कूप और मोहल्ला कोटपूर्वी में स्थित ऋषिकेश कूप पर काम कराया जाएगा। इन तीनों कूप की सफाई करा रहे हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
मालूम हो संभल में 68 तीर्थ और 19 कूप का धार्मिक महत्व है। पिछले वर्ष से नगर पालिका द्वारा कूप, तीर्थ और कुएं संवारने की कवायद चल रही है। इन सभी प्राचीन स्थलों को संवारने का मकसद धार्मिक महत्व व पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में कार्य किया जाना है।
00000000
1978 के दंगे में चर्चित रहे कुएं की भी खोदाई आज से शुरू होगी, पेड़ काटा गया
संभल। कोतवाली क्षेत्र में एकता पुलिस चौकी क्षेत्र के नजदीक स्थित कुएं की खोदाई रविवार से फिर शुरू होगी। करीब तीन फीट खोदाई होने के बाद कुएं के नजदीक लगा पेड़ बाधा बन गया था। जिसके चलते खोदाई बंद करा दी गई थी। शनिवार की सुबह वन विभाग की टीम ने पेड़ का कटान करा दिया है।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि पेड़ का कटान किया जाना था। इसलिए खोदाई बंद करा दी गई थी लेकिन अब रविवार से फिर खोदाई शुरू होगी। इस प्राचीन कुएं को पुराने स्वरुप में ही लौटाने के लिए पालिका द्वारा काम कराया जाएगा।
मालूम हो 1978 के दंगे के दौरान यह कुआं चर्चित रहा था। मोहल्ला कोटपूर्वी निवासी सुशील कुमार का दावा है कि 1978 के दंगे के दौरान उनके ताऊ रामसरन दास रस्तोगी की हत्या कर शव इसी कुएं में फेंका गया था। बाद में इस कुएं से शव को निकाला गया था। इसी तरह की चर्चाएं हैं कि यदि इस कुएं की तली तक खोदाई की जाएगी तो अवशेष मिल सकते हैं। हालांकि इस चर्चा का दावेदार कोई नहीं है। संवाद
000000
नगर पालिका क्षेत्र के सभी तीर्थ व कूप संवारे जाने हैं। अभी तीन ही कूप को संवारा जाना है। जैसे ही दूसरे कूप के लिए बजट मिलता है तो उन पर भी काम शुरू कराया जाएगा।
-मणिभूषण तिवारी, ईओ,पालिका संभल