असमोली थाना क्षेत्र के गांव टांडाकोठी में बुधवार दोपहर चोरों ने नगदी व जेवर समेत करीब एक लाख का सामान पार कर लिया। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेकर जांच शुरू की है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव टांडाकोठी निवासी राजीव मजदूर है। बुधवार को वह असमोली-लोदीपुर मार्ग पर गांव के अड्डे पर घर के लिए खरीदारी करने गया था। जबकि पत्नी सोमा पुश्तैनी मकान के पास हाल ही में खरीदे मकान में सो रही थी। गृहस्वामी की मां चंद्रवती घर से कुछ कदम की दूरी पर मोहल्ले की अन्य महिलाओं के साथ बैठी थी। बेटा यश, बेटी मीनाक्षी और अनिका मोहल्ले के बच्चों संग खेल रहे थे।
कुछ देर बाद तीनों बच्चे घर लौटे तो नकाबपोश व्यक्ति को संदूक खोलते हुए देखा। बड़ी बेटी मीनाक्षी दादी को घर में चोर घुसे होने की जानकारी दी। लेकिन तब तक चोर माल पर हाथ साफ करके जा चुके थे। परिजनों ने बताया कि चोरों ने संदूक में रखे 61 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवर करीब एक लाख का सामान पार कर दिया। पीड़ित ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
दिनदहाड़े चोरी होने का मामला संज्ञान में नहीं है। थाना पुलिस से पता कर रहा हूं। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी और इस घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। जितेंद्र सिंह, सीओ, संभल।