बबराला। लोहिया कॉलोनी में बुधवार को कक्षा सात के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। पंवारी निवासी किसान विजेंद्र सिंह का 13 वर्षीय पुत्र विनय बबराला के एक निजी स्कूल में कक्षा सात का छात्र था। पढ़ाई करने के लिए वह नगर की लोहिया कॉलोनी में अपने बाबा देवी सिंह और चचेरी बहन व भाइयों के साथ रह रहा था।
परिवार के लोगों ने बताया कि बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे विनय अन्य बच्चों के साथ घर के सामने खाली पड़े प्लॉट में खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक घर के अंदर चला गया।
कुछ समय बाद परिजनों ने देखा कि मकान के दूसरी मंजिल पर बने एक कमरे में खिड़की की ग्रिल से दुपट्टे के सहारे झूल रहा था। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
आनन-फानन में विनय को नगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। विनय दो बहनों का इकलौता भाई था। थानाध्यक्ष सौरभ त्यागी ने बताया कि मामले की सूचना थाने पर प्राप्त नहीं हुई है। सूचना मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।