फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: कुत्तों के झुंड ने हमलाकर कक्षा तीन के छात्र को मार डाला

Wed, 13 Mar 2024 03:09 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
सरायतरीन (संभल)। मोहल्ला कच्चा इलाका निवासी आलम के 11 वर्षीय बेटे अहमद रजा को कुत्तों के झुंड ने हमलाकर मार डाला। अहमद रजा कक्षा तीन का छात्र था। घटना के समय वह मोहल्ले के बाहरी हिस्से में स्थित बाग में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।
विज्ञापन

मंगलवार सुबह हुई इस घटना के दौरान अहमद रजा के साथ मौजूद बच्चे डरकर भाग गए। उन्होंने अहमद रजा के घर जाकर मामले की जानकारी दी। इस पर अहमद रजा के दादा मोहम्मद हनीफ व अन्य परिजन बाग में पहुंचे। उन्होंने बताया कि उस समय कुत्तों का झुंड बच्चे को घेरे हुए था। आसपास के लोगों की मदद से कुत्तों को भगाया। इसके बाद अहमद रजा को लेकर निजी डॉक्टर के पास पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अहमद रजा के पिता आलम दिल्ली में एक हस्तशिल्प कारखाने में मजदूरी करते हैं। वह आजकल दिल्ली में ही हैं। गमगीन परिजनों ने फोन से उन्हें बच्चे की मौत की जानकारी दी है। घटना पता चलने पर हयातनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया।
शरीर पर थे 50 से ज्यादा जख्म, मुंह बुरी तरह नोचा
कुत्तों के हमले का शिकार हुए 11 वर्षीय अहमद रजा के शरीर पर 50 से ज्यादा जख्म थे। परिजनों ने बताया कि अहमद के सिर और मुंह को कुत्तों ने बुरी तरह नोच डाला था। उसके हाथ, पैर और पेट पर मौजूद जख्मों से खून बह रहा था। यही वजह रही कि उपचार मिलने से पहले उसकी जान चली गई।
विज्ञापन

चार बहन-भाइयों में दूसरे नंबर का था अहमद
आलम के चार बच्चों में अहमद रजा दूसरे नंबर का था। घटना के बाद से अहमद के दो भाइयों और एक बहन के आंसू थम नहीं रहे हैं। अहमद की मां काजमा का भी बुरा हाल है।
... किसी और के बच्चे की न हो ऐसी दर्दनाक मौत
अहमद रजा के दादा मोहम्मद हनीफ ने बताया कि घुंघावली मार्ग पर आम के बाग के पास कुत्तों के झुंड अक्सर नजर आते हैं। ये कुत्ते खूंखार हो चुके हैं। पहले भी उनके हमलों में कई लोग घायल हो चुके हैं। हनीफ ने अफसरों से मांग की है कि खूंखार कुत्तों को पकड़वाया जाए, ताकि किसी और बच्चे की ऐसी दर्दनाक मौत न हो।
एंटी रैबीज लगवाने प्रतिदिन जिला अस्पताल पहुंच रहे 15 से 20 लोग
जिला अस्पताल में हर दिन 15 से 20 लोगों को एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई जा रही हैं। अस्पताल स्टाफ ने बताया कि इनमें अधिकांश केस कुत्ते के हमले के होते हैं। क्षेत्रवार देखें तो सबसे ज्यादा लोग हयातनगर और सरायतरीन इलाके से आते हैं। कुत्ते बच्चों को ज्यादा निशाना बना रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें