Clashes between volunteers and police
- फोटो : SAMBHAL
विजयदशमी पर बुधवार को शहर में हो रहे पथ संचलन के दौरान नए मार्ग पर जाने को लेकर स्वयंसेवकों में आक्रोश फैल गया। आरएसएस के पदाधिकारियों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों में नोकझोंक हो गई। करीब पंद्रह मिनट तक नोकझोंक होती रही। बाद में निर्धारित रूट से होकर स्वयंसेवक गुजरे। पथ संचलन के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया।
नगर के मोहल्ला बरेली सराय स्थित प्रेमशंकर वाटिका में विजयदशमी पर आरएसएस के स्वयंसेवकों ने पूजन किया। इसके बाद पथ संचलन शुरू हुआ। यह प्रेमशंकर वाटिका से शुरू होकर जनता पेट्रोल पंप, यशोदा चौराहा, चंदौसी चौराहा, शंकर कॉलेज चौराहा, तहसील रोड, बाजारगंज, छंगामल की कोठी, पोस्ट ऑफिस, सरथल चौकी, पुराना टेलीफोन एक्सचेंज, हल्लूसराय से होकर दुर्गा कॉलोनी पहुंचकर संपन्न हुआ। पथ संचलन के दौरान रूट को लेकर डाकखाने के पास स्वयंसेवकों और पुलिस में नोकझोंक हो गई। एसडीएम विनय कुमार मिश्र ने बताया कि जिस मार्ग से पथ संचलन होता आया है, उसी मार्ग से निकलना चाहिए था लेकिन स्वयंसेवक इस बार दूसरे मार्ग से होकर जाना चाहते थे। उन्हें दूसरे मार्ग पर जाने की इजाजत नहीं दी गई। बाद में निर्धारित मार्ग से ही पथ संचलन किया गया।
उधर, आरएसएस के विभाग प्रचार प्रमुख राहुल दीक्षित ने बताया कि प्रशासन पिछले दो बार से मार्ग परिवर्तित करा रहा है। स्वयंसेवक अनुशासित तरीके से पथ संचलन करते रहे हैं, इस बार भी अनुशासित होकर ही पथ संचलन कर रहे थे लेकिन प्रशासन ने मार्ग को बंद कर दिया था। जिससे करीब पंद्रह मिनट तक संचलन बाधित रहा।