संभल। नखासा थाना क्षेत्र के गांव भदरौला में दो अनुसूचित जातियों के लोगों के बीच बृहस्पतिवार की रात मारपीट हो गई। इसमें चार लोग घायल हुए हैं। मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई लोग हिरासत में लिए हैं। यह विवाद प्रेमी युगल के प्रेम विवाह के तनाव के बाद हुआ है।
एक जाति की युवती ने दूसरी जाति के युवक से चार महीने पहले कोर्ट मैरिज कर ली थी। गांव में पंचायत हुई थी। जिसमें तय हुआ था कि प्रेमी युगल विवाह के बाद अब गांव में नही रहेंगे। क्योंकि गांव के युवक और युवती विवाह नहीं कर सकते हैं। इसके बाद युवक और युवती ने गांव छोड़ दिया था लेकिन दोनों जातियों के बीच तनाव बना रहा। एक जाति के कुछ लोग ही गांव में रहते हैं। दूसरी जाति के लोग ज्यादा हैं।
बृहस्पतिवार को प्रेम विवाह को लेकर ही छींटाकशी हुई थी। इसके बाद दोनाें जाति के लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे से मारपीट की गई। इसमें एक जाति के तीन लोग घायल हो गए और दूसरी जाति के एक व्यक्ति को चोट आई है। असमोली सीओ अमन सिंह ने बताया कि घायलों का उपचार कराया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। यह विवाद प्रेम विवाह को लेकर हुई छींटाकशी को लेकर हुआ है।