चंदौसी (संभल)। नगर के मोहल्ला नॉन में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में डीजे की तेज आवाज को लेकर दो समुदाय के लोगाें में नोकझोंक हो गई। हंगामा बढ़ता देख दोनों समुदाय के सभ्रांत लोगों ने मामला शांत किया। विरोध के बाद डीजे बंद कर दिया गया। वहीं पुलिस घटना से इन्कार कर रही है।
मोहल्ला नॉन में सोमवार को ईद मिलादुन्नबी के जुलूस को लेकर तैयारियां चल रही थीं। कुछ युवकों ने सुबह सात बजे मोहल्ले में तेज आवाज से डीजे बजाना शुरू कर दिया। जिस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने डीजे की तेज आवाज को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही डीजे बंद करने को कहा, लेकिन युवकों ने डीजे बंद नहीं किया। न ही डीजे की आवाज कम की। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों समुदाय के लोगों में नोकझोंक के बाद गाली-गलौज होने लगी। हंगामा होने पर दोनों समुदाय के लोग एकत्र हो गए। सड़क पर यातायात भी थम गया। हंगामा बढ़ने पर दोनों समुदाय के संभ्रांत लोग मौके पर पहुंचे और डीजे हल्की आवाज से बजाने की बात कही। तब जाकर मामला शांत हुआ। हालांकि विरोध के बाद डीजे बंद कर दिया गया। वहीं प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह ने ऐसी किसी भी घटना से इन्कार किया है।