धनारी। एक शादी समारोह के दौरान रंजिश के चलते बरात में दो पक्षों मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवक के खौलते तेल से भरी कड़ाही में गिर जाने से गंभीर रूप से झुलस गया। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी है।
क्षेत्र के भकरोली गांव से सोमवार रात एक बरात मानकपुर गांव गई थी। बरात में रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि चार लोगों ने युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान उसे धक्का दे दिया गया, जिससे वह पास में बरात का भोजन तैयार करने के लिए रखी खौलते तेल की कड़ाही में जा गिरा। इससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने किसी तरह युवक को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद मंगलवार की सुबह उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर उसे कड़ाही में धक्का दिया गया है।
थानाध्यक्ष नरेशपाल सिंह का कहना है कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।