गुन्नौर। कोतवाली क्षेत्र के विजुआ नगला गांव में बृहस्पतिवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और पथराव हुआ। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विजुआ नगला निवासी हरजीत ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे वह अपने घर के सामने बातचीत कर रहा था। तभी उसके साढ़ू के बेटे मैनपाल, दुर्गेश, बृजेश, वीरेश और लक्ष्मी नारायण सहित अन्य लोग वहां पहुंचे। उन्होंने हरजीत को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि कुछ लोग छत पर चढ़ गए और ईंट-पत्थर बरसाने लगे। हरजीत पक्ष के लोगों ने इधर-उधर छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हरजीत ने कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि कई लोगों ने मिलकर एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके हैं। पुलिस ने मैनपाल, दुर्गेश, वीरेश और लक्ष्मी नारायण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ये सभी प्रेमपाल के बेटे और विजुआ नगला के निवासी हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।