चंदौसी। किसान आंदोलन के संभल जिले के नोडल अधिकारी डीआईजी लखनऊ गंगानाथ त्रिपाठी ने दिल्ली परेड के लिए किसानों की तैयारियों की जानकारी ली और बार्डर पर बैरियरों का निरीक्षण किया। नोडल अधिकारी गंगा नाथ त्रिपाठी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। आवश्यकता पड़ी तो किसानों को दिल्ली परेड में जाने से रोका जाएगा।
शुक्रवार को संभल जिले के नोडल अधिकारी डीआईजी गंगानाथ त्रिपाठी गुन्नौर पहुंचे। किसान आंदोलन को लेकर वहां नरौरा बार्डर, बदायूं बार्डर पर बनाए गए बैरियर का निरीक्षण किया गया। इसके बाद संभल के असमौली, हसनपुर रोड बार्डर, चंदौसी में मुरादाबाद हाईवे पर बनियाठेर में बैरियर का निरीक्षण किया। 26 जनवरी को दिल्ली परेड में किसानों ने ट्रैक्टर की परेड शामिल करने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने बैरियर पर तैैनात पुलिस को सख्त हिदायत देकर चौकसी बरतने की बात कही। साथ ही क्षेत्र में किसानों से संपर्क किया। उनसे आंदोलन के विषय में जानकारी ली। इसके बाद चंदौसी कोतवाली का भी निरीक्षण किया।