संभल। जिले के करीब दस हजार आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस का चिपयुक्त कार्ड नहीं मिल पाया है। इस पूरे महीने अभी राहत की उम्मीद नहीं है। ऐसे में इंतजार करने वाले आवेदक काफी चिंतित हैं। परिवहन कार्यालय में हर रोज 50 से 60 लाइसेंस बनाए जा रहे हैं, लेकिन चिपयुक्त कार्ड बनकर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय स्तर से यह समस्या है। अधिकारी आवेदकों के लाइसेंस उनके पास जल्द ही पहुंचने की उम्मीद बता रहे हैं।
दरअसल, रूस यूक्रेन युद्ध का असर अब भी परिवहन विभाग के कामकाज पर पड़ रहा है। यूक्रेन से आने वाले चिप की आपूर्ति बहाल नहीं होने से जिले के करीब 10 हजार आवेदकों को ड्राइविंग लाइसेंस का चिपयुक्त कार्ड नहीं मिल पाया है। जिसके कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। चिप युक्त कार्ड की आपूर्ति नवंबर 2022 के दूसरे सप्ताह से बाधित है। यह संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। एआरटीओ कार्यालय में प्रतिदिन नियमित ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए 50 से 60 लोग आवेदन करते हैं। दस दिनों के अंदर लाइसेंस घर के पते पर पहुंच जाते हैं, लेकिन पिछले चार माह से लाइसेंस न मिलने पर लोग एआरटीओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।