सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर धतरा में पालेज से तरबूज तोड़ने पर पांच बच्चों को बांधकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की भी धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवाब खेल सरायतरीन निवासी खलील मलिक की ओर से थाने में दी गई तहरीर के अनुसार बृहस्पतिवार को उनका छह वर्षीय बेटा अरशान गांव रसूलपुर धतरा में अपनी ननिहाल गया था। ननिहाल में ही कुछ बच्चों के साथ साइकिल से रास्ते में जा रहा था, तभी गांव के आसिफ कुरैशी ने बेटे सहित पांच बच्चों को पकड़ कर जबरदस्ती बेल की टहनी से हाथ बांधकर पिटाई कर दी। उनके आगे तीन तरबूज रखकर चोरी का आरोप लगाया। इसका वीडियो भी बना लिया गया।
बेटे ने घर पहुंचकर जानकारी दी तो आसिफ कुरैशी से मामले की जानकारी की गई। इस पर वह मौके का बनाया गया वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। आरोप है सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल नहीं करने के एवज में पैसे की मांग की गई।
थाना प्रभारी संजीव कुमार बालियान ने बताया कि मामले में आसिफ कुरैशी और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।