संभल। जिलेभर के 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और चार नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले रविवार को आयोजित किए गए। इसमें 2511 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। इन मरीजों में 575 मरीज बच्चे पहुंचे। जो बदलते मौसम के कारण बीमार हुए हैं। चिकित्सकों का कहना है कि इस समय मौसम में काफी तेजी से उतार चढ़ाव हो रहा है।
बारिश के मौसम में संक्रमित बीमारियों के फैलने का अंदेशा भी बढ़ जाता है। इसलिए बच्चे बीमार हो रहे हैं। सीएचसी प्रभारी डा. मनीष अरोड़ा ने बताया कि इस समय वायरल चल रहा है। इसलिए बच्चों का ध्यान ज्यादा रखना चाहिए। जिससे वह बीमार न हों। बारिश में भीगने से भी बचाएं। वहीं दूसरी ओर आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण करने के लिए पहुंची सीएमओ डा. तरन्नुम रजा ने व्यवस्थाओं को परखा। इसके अलावा 253 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।