कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सेमला से अपहरण किए गए डेढ़ महीने के बालक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। बच्चे के अपहरण में शामिल आरोपियों की धरपकड़ भी की जा रही है। हालांकि पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कितने आरोपी इस वारदात में शामिल हैं। बालक की बरामदगी के बाद जिला अस्पताल लाया गया। जहां सेहत का परीक्षण हुआ। इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अपहरण की इस घटना में शनिवार को खुलासा करने की बात कह रही है।
मालूम हो गांव सेमला निवासी नानक चंद का डेढ़ महीने का बेटा भूरा बुधवार की रात सोते समय लापता हो गया था। जब नानक चंद और उनकी पत्नी सविता नींद से जागे तो शोर मचाया और आसपास तलाश किया था। पीड़ित दंपती गांव के लोगों के साथ रातभर बच्चे की तलाश में खेतों में घूमते रहे। कोई पता नहीं लगने पर बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने आसपास बच्चे की तलाश कराई लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी थी।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने बच्चे की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया था। शुक्रवार की सुबह पुलिस की टीम ने गांव अतरासी से बालक को बरामद कर लिया। कुछ लोग भी हिरासत में लिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार बालक का अपहरण बेचने के इरादे से किया गया था। बृहस्पतिवार की रात को रजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में लेकर पहुंचने की बात भी सामने आ रही है। पुलिस इस पूरी घटना की कड़ी जोड़ रही है। उसके बाद ही खुलासा किया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि बालक बरामद कर लिया गया है। पुलिस अभी इस घटना में छानबीन कर रही है। जल्द इसका खुलासा किया जाएगा।