संभल के निजी अस्पताल में मारपीट के बाद पहुंची पुलिस
- फोटो : संवाद
संभल कोतवाली क्षेत्र के मुरादाबाद रोड स्थित बच्चा अस्पताल में मिलक सैंजना निवासी नौरंगी के दस वर्षीय बेटे हरिओम की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने गलत उपचार करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद अस्पताल के स्टाफ ने पीड़ित परिजनों के साथ मारपीट की। इसका वीडियो भी सामने आया है।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी पहुंच गए। अस्पताल संचालक डाॅ. कफील अहमद समेत पांच पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस को दी तहरीर में बालक के पिता ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे को मंगलवार को बुखार आने पर भर्ती कराया था।
डाॅक्टर ने टाइफाइड बुखार बताया और प्लेटलेट्स कम होने की बात कही। उपचार के बाद हालत में सुधार हो गया था। बृहस्पतिवार की रात को दस बजे करीब प्लेटलेट्स चढ़ाने के नाम पर 20 हजार रुपये लिए और प्लेटलेट्स चढ़ा दी। इसके बाद ही हालत बिगड़ गई।
शुक्रवार की सुबह दस बजे मौत हो गई। जब गलत उपचार का आरोप लगाया तो चिकित्सक व उनके स्टाफ ने मारपीट की। और बालक का शव सड़क किनारे डाल दिया। पीड़ित का कहना है कि उपचार के नाम पर 60 हजार रुपये लिए हैं। बालक कक्षा चार का छात्र था। दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। पीड़ित मां कुसुम का रोरो कर बुरा हाल है।
प्लेटलेट्स अलीगढ़ से मंगाने जांच होगी
जो प्लेटलेट्स बालक को चढ़ाई गई हैं। वह अलीगढ़ से मंगाने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी को चिकित्सक ने दी है। नोडल अधिकारी इसकी जांच कराएंगे कि प्लेटलेट्स जो आई थीं वह कितनी सही थीं।
अलीगढ़ में जिस ब्लड बैंक से मंगाई गई हैं उससे जानकारी मंगाई जाएगी। वहीं दूसरी ओर बालक के परिजनों का कहना है कि एक घंटे के अंदर प्लेटलेट्स अस्पताल आ गई थीं। पीड़ित परिवार का कहना है कि इसकी जांच होनी चाहिए।