नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला खग्गुपुरा में कक्षा दो के छात्र की छत से गिरकर मौत हो गई। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। हादसा उस समय हुआ जब मासूम बालक कुछ बच्चों के साथ अपनी छत पर पतंग उड़ा रहा था।
इसी दौरान किसी तरह छत से गिर गया। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मोहल्ला खग्गुपुरा निवासी अरविंद कुमार का पांच वर्षीय बेटा बंटी कुछ बच्चों के साथ अपनी छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान छत से नीचे आ गिरा।
चीख पुकार होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। लहूलुहान देखकर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बाइक पर लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पीड़ित पिता ने बताया कि उनके दो बेटे व एक बेटी है।
मृतक दूसरे नंबर का था। मोहल्ले के बच्चों के साथ अपनी छत पर पतंग उड़ा रहा था। अचानक छत से किसी तरह गिर गया। जिसमें गंभीर चोट आई। अस्पताल लेकर पहुंचे तो मौत हो गई। पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। मां इंगलेश का रो रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है। शव घर ले जाया गया है।