वाहन चेकिंग के दौरान रोके जाने से खफा बाइक सवार ने दरोगा और उप निरीक्षक से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान दोनों के बैज और बिल्ले नोच दिए और वर्दी भी फट गई। मारपीट में घायल दरोगा इलम सिंह का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी भूपेंद्र कुमार यादव और उसके ताऊ को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली क्षेत्र की मंडी समिति चौकी इंचार्ज इलम सिंह मौलागढ़ के प्रेमनगर स्थित मोहम्मद गंज रोड पर शुक्रवार की रात गश्त कर रहे थे। फरीदपुर निवासी भूपेंद्र कुमार यादव पुत्र अजयवीर यादव चंदौसी बाइक से आ रहे थे। प्रेमनगर में दरोगा इलम सिंह ने बाइक सवार को रोका। दोनों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया।
दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट और अभद्रता करने के आरोप लगा रहे हैं। घायल दरोगा का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। इलम सिंह और बाद में सूचना पर पहुंचे उप निरीक्षक जाकिर अली की वर्दी फट गई है। वर्दी पर लगे बैज और बिल्ले नोच लिए गए। पुलिस के साथ घटना की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक यादव घटनास्थल पर पहुंचे। दरोगा को कोतवाली भिजवाया। भूपेंद्र कुमार यादव और उनके ताऊ नलकूप चालक हरीशपाल यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।
वाहन चेकिंग के दौरान उप निरीक्षक से अभद्रता का मामला संज्ञान में आया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पूरी घटना की गंभीरता से जांच की जाएगी। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक यादव, पुलिस उपाधीक्षक चंदौसी।