यह बात रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिले भर के पुलिस अधिकारियों को संबोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक बरेली जोन बरेली विजय कुमार मीणा ने कही।
मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे रिजर्व पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान आईजी ने कहा कि जिस प्रकार नागरिकों को चेकिंग के दौरान परेशान करते हुए मुरादाबाद में पुलिसकर्मियों ने धनराशि ले ली थी। यदि ऐसा कोई मामला जिला संभल में सामने आया तो मुरादाबाद की तरह ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आईजी ने कहा कि चुनाव को गंभीरता से लें। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। पुलिस उप महानिरीक्षक मुरादाबाद रेंज मुरादाबाद ओंकार सिंह ने संबोधित किया। एसपी व एएसपी समेत जिले के सभी सर्किल के सीओ, प्रतिसार निरीक्षक तथा थानों के प्रभारी निरीक्षक व थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
ग्रामीणों को आईजी ने दिया सुरक्षा का भरोसा
संभल/असमोली(ब्यूरो)। चुनाव के लिए प्रशासन ने होमवर्क शुरू कर दिया है। आईजी ने किसौली और शाहपुर सिरपुड़ा का दौरा कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए निर्भीक होकर मतदान करने को कहा। आईजी विजय सिंह मीना ने बहजोई स्थित पुलिस लाइन में थाना प्रभारियों से अब तक की कार्रवाई का फीडबैक लिया। थानाध्यक्षों से सवाल-जवाब किए। इसमें नखासा के थाना प्रभारी उस वक्त अटक गए जब उनसे पिछले चुनाव में दर्ज मुकदमों की कार्रवाई के बारे में पूछा गया। जबकि इसके विपरीत रजपुरा के थाना प्रभारी ने तत्काल जवाब दिए।
इसके बाद बहजोई के किसौली और असमोली के शाहपुर सिरपुड़ा गांव का दौरा किया। आईजी विजय सिंह मीना के साथ डीआईजी ओंकार सिंह भी थे। असमोली विधानसभा क्षेत्र के वर्नरेबल पोलिंग स्टेशन और शाहपुर शिरपुड़ा में आईजी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने को कहा। कुछ ग्रामीणों ने एक दबंग का नाम लिया तो आईजी ने उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। इस दौरान सीओ बीपी सिंह भी मौजूद थे।
दंपति ने अपहृत बेटे की बरामदगी की डीआईजी से लगाई गुहार
संभल(ब्यूरो)। डीआईजी साहब! पांच साल पहले अपहृत मेरे बेटे की बरामदगी नहीं हो सकी है। इसमें किसी जनप्रतिनिधि ने कोई मदद नहीं की। यह गुहार शाहपुर सिरपुड़ा गांव में मतदान करने के लिए लोगों को प्रेरित करने पहुंचे डीआईजी से एक दंपति ने लगाई।
डीआईजी, आईजी और एसपी ने मंगलवार को असमोली थाना क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोगों से शांति पूर्ण तरीके से मतदान करने का आह्वान किया। गांव शाहपुर सिरपुड़ा पहुंचे अधिकारियों ने उन्होंने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने आह्वान किया। इस पर गांव के ही देवेंद्र सिंह उनके पास पहुंचे और बोले- साहब मैं किसे वोट दूं। पांच साल पहले मेरे बेटे सचिन का स्कूल से जाते समय पांच लोगों ने अपहरण कर लिया गया था।
पुलिस ने पांच आरोपियों को पकड़कर जेल भी भेज दिया था लेकिन मेरा बेटा नहीं मिला। पति-पत्नी डीआईजी के सामने हाथ जोड़कर कहा साहब मेरे बेटे की तलाश करा दो। डीआईजी ने देवेंद्र सिंह को बेटे की तलाश कराने का आश्वासन दिया है।