संभल। जिले के बहजोई थाना क्षेत्र के गांव नगलिया कठेर में बुधवार को रेहड़ी वाले तेजपाल (36) की गोली मार की गई हत्या के मामले में तेजपाल के परिजनों और गवाहों के बयान लिए गए हैं। साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। अब पुलिस चार्जशीट दाखिल करने की ओर बढ़ रही है। पंद्रह दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
नगलिया कठेर निवासी तेजपाल गोल गप्पे और चाट का ठेला लगाकर परिवार का पालन पोषण करता था। वह बुधवार को शाम 4.45 बजे अपने घर से कुछ दूरी पर श्योराज के घर के पास अपना ठेला लगाए हुए था। श्योराज ने उसके ठेले पर गोल गप्पे खाए और जब तेजपाल ने उससे गोल गप्पे के पैसे मांगे तो विवाद हुआ। तेजपाल के भाई और एफआईआर के वादी जोगेंद्र ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। अपने बयान में उसने एफआईआर की बातों को दोहराया है। जोगेंद्र का कहना है कि उसके भाई तेजपाल को श्योराज गोल गप्पे खाने के बाद भी पैसे नहीं दे रहा था। पहले के भी कुछ पैसे बकाया था। कितने पैसे बकाया थे यह बात तो उसके भाई ने उसे नहीं बताई है लेकिन मौत से दो तीन दिन पहले यह जरूर कहा था कि श्योराज गोल गप्पे खाता है और पैसे नहीं देता है। इसके साथ ही पुलिस ने तेजपाल के चाचा मेघ सिंह का भी बयान लिया है। गांव वालों से भी घटनाक्रम की जानकारी हासिल की है लेकिन कोई खुलकर गवाही देने के लिए तैयार नहीं हुआ। भाई और परिजनों में जो लोग मौके पर थे वही गवाह हैं। इसमें तेजपाल की मां, भाई और चाचा के बयान हुए हैं। बहजोई के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वादी और उससे जुड़े गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। साथ ही हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद हो गया। आरोपी जेल जा चुका है। पुलिस अब इस मामले में पंद्रह दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल करेगी।