बहजोई। चंदौसी के मेला गणेश चौथ की तैयारियों को लेकर डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मेला कमेटी के पदाधिकारियों व जिले भर के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बीच डीएम ने मेला परिसर प्लास्टिक मुक्त व आसपास साफ-सफाई रखने पर जोर दिया।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने चंदौसी में 25 अगस्त से शुरू होकर 14 सितंबर तक चलने वाले मेला गणेश चौथ की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सबसे पहले मेला की टेंडर प्रक्रिया व विद्युत कनेक्शन पर बातचीत हुई। वहीं, विद्युत व टेलीफोन निगम के अधिकारियों को खंभों आदि व्यवस्था पर गंभीरता दिखाने को कहा। जल निगम, शहरी के अधिकारियों को मेला परिसर में हैंडपंपों की मरम्मत कराने व जरूरत पड़ने पर नए हैंडपंप लगाने को कहा गया।
परिवहन विभाग से मेला के समय चंदौसी में अस्थायी बस स्टॉप तैयार कराने को कहा गया। साथ ही रोडवेज बसों की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। इसके अलावा डीएम ने कमेटी के पदाधिकारियों से मिट्टी या गोबर से निर्मित मूर्ति ही विसर्जित करने के लिए लोगों को जागरूक करने की बात कही। इस बीच अग्निशमन व यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त रखने को कहा। वहीं, निशुल्क पेयजल व्यवस्था को भी कहा। एसपी कृष्ण विश्नोई समेत एडीएम प्रदीप वर्मा व अन्य अधिकारी तथा मेला कमेटी के पदाधिकारी रहे।
मेला परिसर पर साफ-सफाई रखने पर दिया जोर
बैठक में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मेला परिसर में साफ-सफाई रखने पर जोर दिया। कहा कि मेला परिसर प्लास्टिक मुक्त रहे। परिसर में नियमित साफ-सफाई रहे। तय स्थानों पर ही दुकानें लगाएं। दुकानों के बाहर डस्टबिन रहें। वहीं, एडीएम प्रदीप वर्मा ने कहा कि सफाई कर्मी अपनी निर्धारित ड्रेस में रहें। वॉलिंटियर का ड्रेस कोड भी समय रहते तय कर लिया जाए। इस बीच जीएसटी पर भी बातचीत हुई।
मेला परिसर में लगाया जाए स्वास्थ्य शिविर
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने मेला परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने पर भी जोर दिया। कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर में आयुर्वेदिक व होम्योपैथी दवाओं की भी व्यवस्था रहे। रोडवेज बस अड्डे व रेलवे स्टेशन पर मेला से जुड़े साइन ऐज लगाए जाएं। साथ ही विद्युत जेई की ओर से मेला परिसर में निरीक्षण कर नियमित निगरानी रखी जाए। इस बीच डीएम ने 27 अगस्त को निकलने वाली रथ यात्रा के बिंदुओं पर भी पदाधिकारियों व अधिकारियों से बातचीत की।
मेला परिसर से बाहर न लगाई जाएं दुकानें
एसपी कृष्ण विश्नोई ने बैठक के दौरान कमेटी के पदाधिकारियों से दुकानों व मेला स्थल का ले आउट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही मेला परिसर से बाहर दुकानें न लगाने की भी बात कही।