चंदौसी (संभल)। जनपद अमरोहा के गजरौला-हसनपुर मार्ग पर शुक्रवार की रात दिल्ली से दोस्त के साथ आ रहे चंदाैसी के मोहल्ला बड़ा महादेव निवासी तुषार बंसल (26) की माैत हो गई। जबकि मोहल्ले का ही उसका दोस्त हर्षित शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका मुरादाबाद में उपचार चल रहा है।
नगर के मोहल्ला बड़ा महादेव निवासी तुषार बंसल (26) पुत्र स्वर्गीय गोपाल बंसल तीन माह पहले ही दिल्ली में फैक्ट्री में नौकरी करने गया था। शुक्रवार की शाम वह मोहल्ले के ही दोस्त हर्षित शर्मा पुत्र शशि शर्मा के साथ गणेश रथयात्रा देखने के लिए बाइक से लौट रहा था। अमरोहा जनपद के गजरौला-हसनपुर मार्ग पर दुग्ध डेयरी के पास सामने से आई तेज रफ्तार कार से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल में ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने तुषार को मृत घोषित कर दिया। जबकि हर्षित गुप्ता का कॉसमॉस अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन तुरंत मुरादाबाद के लिए रवाना हो गए। शनिवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। तुषार बंसल दो भाइयों में छोटा था। जवान बेटे की मौत से मां सुधबुध खो बैठी है।