बहजोई। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को हुई व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में जिले भर से आए व्यापारियों ने समस्याएं रखीं। समाधान की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता सीओ बहजोई स्तुति सिंह ने की। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी ने चंदौसी में ई-रिक्शा संचालन से हो रही समस्याओं को उठाया। उन्होंने चंदौसी नगर को चार जोन में बांटने का सुझाव दिया।
मंसूरी ने रिक्शा चालकों को रंग व नंबर देकर उनका रूट तय करने की बात कही। इससे ई-रिक्शा के बेतरतीब संचालन से होने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। युवा जिलाध्यक्ष सागर गुप्ता ने चंदौसी के प्रमुख चौराहों पर लाल बत्ती लगाने की मांग की।
उन्होंने पथरा मोड, विश्वकर्मा धर्म कांटा, बदायूं चुंगी और फव्वारा चौक पर लाल बत्ती लगाने को कहा। इससे यातायात व्यवस्था सुधरेगी और हादसों से बचाव होगा।
बहजोई के व्यापारियों ने भी सीओ के सामने अपनी समस्याएं रखीं। सीओ स्तुति सिंह ने जल्द ही इन समस्याओं पर विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने समाधान कराने का भरोसा भी दिया। बैठक में बहजोई के नगर अध्यक्ष दीपक वार्ष्णेय, शुभम देशवाल और जाफर हुसैन सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।