जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के गांव मैंढ़ोली में शनिवार की देर शाम सीमेंट व्यापारी अमित कुमार (30) ने घर के आंगन में लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस से परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेने के प्रयास में अड़ी रही। युवक की मौत से परिवार में चीख पुकार मची हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव मैढ़ोली के रहने वाले अमित कुमार रिबाड़ा रोड पर सीमेंट रेता बेचने का कारोबार करते थे। शनिवार की देर शाम वह दुकान से घर पहुंचे। परिजनों के अनुसार अमित कुमार शाम सात बजे करीब खाना खाकर घर के आंगन में आराम कर रहे थे। परिवार के लोग इधर उधर काम में व्यस्त थे। उसी समय गोली चलने की आवाज आने पर परिवार के लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे तो अमित कुमार लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े थे। सीने में गोली लगी थी।
यह देख परिवार में चीख पुकार मच गई। चीख पुकार सुन कर पास पड़ोस के लोग आ गए। परिजन लोगों की मदद से अमित कुमार को सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे अलीगढ़ ले जा रहे थे। रास्ते में अमित की सांसें थम गईं।
सूचना पर थाना प्रभारी मेघपाल सिंह पुलिस बल के साथ मैढ़ोली गांव में पहुंच गए और जानकारी ली। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराने को लेकर परिजनों और पुलिस में तनातनी चलती रही।
गांव के ही सुनील कुमार ने बताया मृतक अमित कुमार अपने पीछे पत्नी रामवती, बेटी नंदिनी, बेटा अंश व वंश को रोते बिलखते हुए छोड़ गया है। थाना प्रभारी मेघपाल सिंह ने बताया अमित कुमार के परिजन आत्मघाती कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहा, यह स्पष्ट कर पा रहे हैं। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।