संभल के सीडीओ और महिला कर्मचारी के बीच की बातचीत का ऑडियो सीएम आफिस तक पहुंच गया है। इस मामले को लेकर सख्त शासन ने पूरी रिपोर्ट तलब कर ली है। इस प्रकरण में सीडीओ के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है। खुफिया एजेंसियों से भी पूछा जा रहा है कि यह प्रकरण कहीं सियासी रूप तो नहीं ले रहा है।
सीडीओ और महिला कर्मचारी के बीच हुई बातचीत का आडियो हफ्ते भर पहले वायरल हुआ था। यह आडियो हर सरकारी दफ्तर में गूंज रहा है। बसपा ने इसे मुद्दा बना लिया है। बसपा नेताओं ने पिछले दिनों कमिश्नरी में ज्ञापन भी सौंपा था।
सीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। राज्यपाल को भी मांग पत्र भेजा गया था। वहीं स्थानीय स्तर पर पूरे मामले की जांच भी कराई जा रही है। संभल जिलाधिकारी ने कमेटी बना दी है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
वहीं शासन से भी पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। कहा गया कि तेजी के साथ जांच पूरी करके शासन को भेजी जाए। वहीं लगातार गूंजने वाले इस मामले को लेकर शासन गंभीर हो गया है। लिहाजा इस पूरे प्रकरण में सीडीओ के खिलाफ कार्रवाई तय मानी जा रही है। उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि गृह विभाग से भी लगातार जानकारी ली जा रही है। कहीं यह प्रकरण सियासी मुद्दा न बन जाए इस पर भी नजर रखी जा रही है।