संभल में बीते 10 दिनों से चर्चा बनी सीडीओ और महिला संविदा कर्मी के बीच बातचीत की ऑडियो वायरल होने के बाद जहां दलित संगठन समन्वयक के पक्ष में लामबंद हो रहे हैं, तो वहीं मनुवादी महिला संगठन सीडीओ की हिमायत में आ गया है।
इन सबके बीच शुक्रवार को एक नया ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें महिला को काफी रुचि के साथ सीडीओ से रूमानी अंदाज में बात करते सुना जा सकता है। यह फोन सीडीओ के बजाय महिला की ओर से सीडीओ कार्यालय से लैंडलाइन फोन पर किया गया है।
नये ऑडियो से महिलाकर्मी के उस दावे को जोरदार झटका माना जा सकता है, जिसमें सीडीओ पर फोन पर अमर्यादित बातचीत करके उत्पीड़न करने की बात कही गई है। क्योंकि इसमें फोन महिला द्वारा सीडीओ कार्यालय के लैंडलाइन फोन पर किया गया है। इस आडियो के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है।
सबसे पहले महिला फोन करके कथित सीडीओ से तबीयत के बारे में पूछती है। सुबह से फोन किए जाने के समय तक सीडीओ से प्यार भरे लफ्जों में शिकायत की गई है। महिला कहती है कि आपको (सीडीओ) भागदौड़ अधिक रहती है, दवाई कहां से लाए, मुरादाबाद से या बरेली से, मुझे आपकी चिंता हो रही है।
सीडीओ के दवा बरेली से लाने की बात कहने पर महिला कहती है मुरादाबाद के डाक्टर ठीक नहीं है। जवाब में सीडीओ की आवाज आ रही है कि मुरादाबाद में तुम लोग हो, इसलिए वह अच्छा है। महिला बोली मैं क्या डाक्टर हूं, सीडीओ ने जवाब दिया कि तुम दिल की डाक्टर हो।
महिला कहती है कि सर आप मोबाइल से फोन क्यों नहीं करते, लैंडलाइन नंबर की जानकारी तो सभी को है। सीडीओ बोले कि कोई बात नहीं लेकिन सेपरेट है। सीडीओ ने हिदायत दी कि तुम्हारी ओर से फोन नहीं आना चाहिए, जब मौका मिलेगा तो मैं ही कर लूंगा।
महिला किसी काम से बाद में फोन करने की बात कहती है तो सीडीओ कहते हैं कि बात करने में मजा नहीं आ रहा क्या, महिला बोली नहीं सर ऐसी बात तो नहीं है, आपकी तबियत खराब थी, इसलिए ...। आपको किसी की नजर लग गई है, नजर उतारनी पडे़गी आपकी।
सीडीओ बोले तो उतार दो, महिला बोली क्या आफिस में ही नजर उतारूं। सीडीओ बोले नहीं। महिला बोली तो बताइये, कहां नजर उतारूं, सीडीओ बोले कि आप ही बताइये? नहीं आप बताइये। चलिये, बाद में बात होगी।