चंदौसी(संभल)। सीबीएसई ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए अपार आईडी को अनिवार्य कर दिया है। कक्षा दस व 12 वीं के छात्र-छात्राएं, जिनके पास अपार आईडी नहीं होगी, उन्हें आगामी होने वाली बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही बिना अपार आईडी के नौवीं व 11 वीं के छात्र- छात्राओं को भी उनकी परीक्षा के लिए पंजीकृत नहीं किया जाएगा। इसके अलावा 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति वाले विद्यार्थी भी हाईस्कूल और 12 वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। जिला संभल के सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर संजय पांडेय ने बताया कि सीबीएसई ने निर्देश जारी किए है कि कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राएं 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर आगामी बोर्ड परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे। आगामी बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले कक्षा दस व 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। यदि कोई मान्यता प्राप्त विद्यालय इस नियम का उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी। सिर्फ विशेष परिस्थितियों में ही उपस्थिति में 25 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है और इसके लिए विद्यार्थी को आवश्यक दस्तावेज अपने स्कूल में जमा करने होंगे।
बताया कि छात्र-छात्राओं को सिर्फ मेडिकल इमरजेंसी, राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय खेलों में भागीदारी व अन्य गंभीर कारणों में ही छूट देने का प्रावधान है। अन्य सामान्य कारणों में भी विद्यार्थियों या उनके अभिभावकों द्वारा विद्यालय को पूर्व में ही लिखित जानकारी देना अनिवार्य है। सीबीएसई की टीम के द्वारा किए गए निरीक्षण के तहत किसी भी विद्यार्थी का उपस्थिति विवरण उचित नहीं पाया गया तो विद्यार्थी को डमी माना जाएगा और उसे परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा।
सिटी कोऑर्डिनेटर ने बताया कि इस वर्ष बिना अपार आईडी के छात्र-छात्राओं को कक्षा नौ से लेकर 12 वीं तक की परीक्षा के लिए पंजीकृत नहीं किया जा सकेगा। इस संदर्भ में विद्यार्थी के स्कूल और माता-पिता पूरा संज्ञान ले और अगर उनके विद्यार्थियों और बच्चों की अपार आईडी नहीं बन पाई है तो उसे तुरंत बनवाने का कष्ट करें।