वर्तमान में साइबर अपराध तेजी से फैल रहा है। इस अपराध से कैसे बचा जाए और क्या-क्या सावधानी बरतनी चाहिए, इन बारीकियों को संभल के एसपी ने छात्र-छात्राओं को विस्तार से समझाया। साथ ही भविष्य कैसे संवारा जा सकता है इसके भी सूत्र दिए।
सोमवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से नगर के बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि एसपी चक्रेश मिश्र शामिल हुए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सावधानी ही साइबर अपराध से बचने का उपाय है। सोशल मीडिया अच्छाई और बुराइयों का भंडार है। इस प्लेटफार्म को अच्छाई के लिए सीखना चाहिए और बुराई से बचना चाहिए। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों को अपनी जानकारी न दें और निजी जानकारी भी शेयर करने से बचें।
छात्राओं से कहा कि अगर उन्हें कोई सोशल मीडिया या स्कूल से जाते समय या अन्य किसी पर परेशान करता है तो वह परिजनों को जानकारी दें। अगर परिजनों को बताने की हिम्मत नहीं है तो 1090 नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। यातायात नियमों का पालन करें। कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक हरीश गर्ग, प्रधानाचार्य अब्राहम जार्ज, कोतवाल ओमकार सिंह, शिक्षक राकेश कुमार अग्रवाल, सुनील कुमार सिंह, विशाल रुहेला, पराग, नेहा मलय, दिपाली गोयल, खुशबू गुप्ता, शालिनी बिंद्रा आदि रहे।
अपने स्कूल के दिन याद किए और छात्र-छात्राओं को हंसाया भी बहुत
संभल। एसपी चक्रेश मिश्र पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं से काफी हंसमुख अंदाज में मिले। छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक भी ठहाके लगाते नजर आए। एसपी ने अपने स्कूल के दिन और स्कूटर के सफर को भी छात्र-छात्राओं के साथ शेयर किया। साथ ही बताया कि मेहनत करने से सफलता मिलती है और उसके बाद सपने पूरे होते हैं।
संभल के बाल विद्या मंदिर स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम - फोटो : SAMBHAL
संभल के बाल विद्या मंदिर स्कूल में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम - फोटो : SAMBHAL