बबराला। रजपुरा थाना क्षेत्र के यारा वेरा फर्टिलाइजर के परिसर में बने टाउनशिप में पांच घरों में सोमवार की देर रात किसी समय चोरो ने घटना को अंजाम दिया। नकदी व जेवर आदि की चोरी की गई है। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की है। साथ ही घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़ित मनोज कुमार पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी मोहल्ला गोलागंज, थाना बहजोई ने रजपुरा थाने में पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह वर्ष 1995 से कंपनी में एकाउंट्स डिपार्टमेंट में कार्यरत है। कंपनी परिसर में बने क्वार्टर नंबर दो, फेस टू में परिवार सहित रहते हैं। सोमवार की देर रात किसी समय चोरों ने उनके क्वार्टर का ताला तोड़कर बेडरूम की अलमारी से लगभग ढाई लाख रुपए नगद व आभूषण चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई है। इसी रात फेस चार के क्वार्टर नंबर 52 में रहने वाले इंजीनियर मुनेंद्र सिंह पुत्र जयवीर सिंह निवासी सिढोली, थाना इस्लामनगर, जनपद बदायूं के क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी की गई है। काफी सामान चोरी गया है। क्वार्टर नंबर 72 में रहने वाले यशवीर पुत्र देवेंद्र प्रसाद निवासी बी 94 मुकंद विहार, करावल नगर दिल्ली के क्वार्टर का भी ताला तोड़कर पांच हजार रुपये की नकदी चोरी की गई है। क्वार्टर नंबर 22 में रहने वाले अभिनव गौड़ पुत्र राजेंद्र कुमार गौर निवासी पंगी कला रंगीला नगर, लखीमपुर खीरी व फेस चार के ही क्वार्टर 28 में रहने वाले आकाश रस्तोगी पुत्र विमल रस्तोगी निवासी नारायण टोला नई बस्ती बहजोई के क्वार्टर से भी ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इन क्वार्टर से कितनी चोरी की गई है। इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ के रिपोर्ट दर्ज कर मामले में छानबीन शुरू कर दी है। गुन्नौर क्षेत्राधिकार आलोक सिद्धू ने बताया कि रजपुरा थाना क्षेत्र में बने यारा फर्टिलाइजर के टाउनशिप में पांच घरों में चोरी हुई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मौके पर सर्विलांस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भेजा गया है। घटना को जल्द खुलासा किया जाएगा।