संभल के कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 17 वर्षीय छात्रा के साथ दूसरे मोहल्ले का निवासी युवक लगातार छेड़खानी की घटना को अंजाम दे रहा था। छात्रा के विरोध करने पर तेजाब डालने की धमकी दी गई। छात्रा के नाना ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी भागा हुआ है।
कोतवाली में दी तहरीर में पीड़ित ने बताया कि उनकी धेवती उनके पास रहती है। वह एक कम्प्यूटर सेंटर में कोचिंग के लिए जाती है। दूसरे मोहल्ला निवासी युवक आते जाते समय छेड़खानी करता है। तेजाब डालने की धमकी देता है। 19 जून की रात आरोपी शराब पीकर उनके घर में घुस गया और तेजाब डालने की धमकी दी। विरोध करने पर उनकी धेवती व नाना नानी को भी मारने की धमकी देने लगा। यूपी 112 पुलिस को सूचना दी तो आरोपी भाग गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजीव शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी सदाकत अली ने बताया कि आरोपी भागा हुआ है। तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।