सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र में दिवाली पूजा के दौरान एक परिवार पर हमला हुआ। शराब के नशे में धुत 17 लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दंपती सहित 17 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नई बस्ती काली मंदिर निवासी प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 8:45 बजे वे परिवार के साथ पूजा कर रहे थे। तभी मोहल्ले के कुछ लोग शराब के नशे में बाहर गाली-गलौज कर रहे थे, जिससे पूजा में बाधा आ रही थी। मना करने पर वे घर में घुस आए और तोड़फोड़ करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल की। पीड़ित ने घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपा है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की गई है। थाना पुलिस ने गोपीचंद, रीना, सुन्नी और गोपीचंद की पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इनके साथ 10-12 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपी मोहल्ला नई बस्ती काली मंदिर बहजोई के निवासी हैं।