धनारी(संभल)। बहजोई की देहात बस्ती निवासी रामरतन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि वह 29 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे बबराला से सवारियों को लेकर टेंपो से अपने गांव लौट रहा था। तभी रास्ते में उदरनपुर- अजमतनगर के पास पीछे से एक अज्ञात वाहन ने उसके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सवारी किरन गंभीर रूप से घायल हो गईं, उन्हें इलाज के लिए अलीगढ़ भेजा गया है। वहीं, पीड़ित चालक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। संवाद
..................
तीन पर शांतिभंग में कार्रवाई
धनारी। भकरौली निवासी रामौतार ने घरेलू काम को लेकर पत्नी शांति देवी के साथ मारपीट कर दी। पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर उस पर शांतिभंग में कार्रवाई की। वहीं, क्षेत्र के ही गांव खलीलपुर निवासी वेदराम का गांव में एक प्लॉट पड़ा है। वेदराम ने आरोप लगाया कि गांव का ही नेत्रपाल प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उन पर शांतिभंग में कार्रवाई की। संवाद
शराब की दुकान पर मारपीट करने में एक पर मुकदमा
सरायतरीन। बहजोई पुलिस ने शराब की दुकान पर रुपये वापस मांगने के चलते मारपीट करने के आरोपी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव रफीपुर निवासी झंडू सिंह की तहरीर पर यह कार्रवाई हुई। झंडू सिंह ने पुलिस को बताया कि गांव भवन में स्थित देसी शराब की ठेके पर सेल्समेन कर रहा था, तभी एक व्यक्ति शराब लेने के बाद पैसे मांगने लगा। गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की। बाद में जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव ढकारी की मढैया निवासी रामबाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद
मिट्टी की ढांग गिरने से महिला समेत किशोरी घायल
बहजोई। मिट्टी खोदते समय ढांग गिरने से किशोरी कंचन समेत महिला कमलेश घायल हो गई। सूचना पर पहुंची 108 नंबर एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला व किशोरी को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। हादसा मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव बेरीखेड़ा में हुआ। संवाद