संभल। कब्र खोदने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की। एक पक्ष ने दावा किया कि जिस जगह कब्र खोदी जा रही है वह उनका रास्ता है। जबकि दूसरे पक्ष ने कब्रिस्तान होने का हवाला दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया और कब्र दूसरे स्थान पर खोदी गई। हजरत नगर गढ़ी थाना क्षेत्र के कस्बा सिरसी के मोहल्ला गिन्नौरी निवासी (70) वर्षीय लड्डन मियां की बीमारी के चलते मौत हो गई। उनको सुपुर्द ए खाक दोपहर में किया जाना था। मृतक के भाई इब्बन मियां परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर मोहल्ले में स्थित कलंदर शाह कब्रिस्तान में कब्र खुदवाने के लिए पहुंच गए। वहां दूसरे पक्ष के छोटे पुत्र मियां जान आए और उन्होंने रास्ते में कब्र खोदे जाने की बात कही। इसी बात पर विवाद हो गया। कब्र खोदने को लेकर हुए विवाद की सूचना पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंच गई। दोनों पक्षों के लोगों की बात को सुना और दूसरी जगह कब्र खोदने का समाधान निकाला। दरोगा पवन कुमार ने बताया कि कब्रिस्तान में जिस जगह कब्र खुद रही थी वहां रास्ता है या नहीं इसकी जानकारी राजस्व विभाग से की जाएगी।