जुनावई। थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली युवती की तहरीर के आधार पर एक साल बाद तीन लोगों पर गाली-गलौज मारपीट तथा दुष्कर्म के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जुनावई थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायतीपत्र में कहा है कि थाना क्षेत्र के चबूतरा गांव निवासी युवक ने वर्ष 2022 में प्रेमजाल में फंसाकर युवती से कोर्ट मैरिज की थी। कुछ दिनों बाद पति ने पीड़िता के साथ मारपीट तथा प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया। पीड़िता अपने मायके जा रही थी। तभी रास्ते में एक युवक मिला और बोला कि मुझे सत्यभान ने भेजा है। मैं आपका पड़ोसी हूं, मेरा नाम कालीचरन है। वह पीड़िता को बाइक पर बैठा कर वापस घर लाने के बहाने लतीफपुर गांव के जंगलों की तरफ ले गया। वहां युवती से दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि काली चरन को गुड्डो पत्नी नारायण निवासी चबूतरा ने दुष्कर्म करने के लिए भेजा था। थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।