बनियाठेर। गबन के आरोप में फंसी प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक अमियापुर पचाक की सहायक प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गबन की राशि परिचितों के खाते में ट्रांसफर की गई थी। हालांकि आरोपी से गबन की राशि 48.57 लाख रुपये पहले ही वसूल कर ली गई है। थाना बनियाठेर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाखा प्रबंधक नरेश चंद्र मौर्य ने बताया कि साल 2022 में सहायक प्रबंधक ने ग्राहकों के खाते से 48.57 लाख रुपये का गबन किया था। 50 से अधिक लोगों ने अचानक उनके अकाउंट से पैसे कटने की शिकायत की थी। इसके बाद गबन का मामला संज्ञान में आया था। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर जांच हुई तो सामने आया कि सहायक प्रबंधक ने अपने पति, भाई, मां और ससुर के खाते में अलग-अलग तरीके से रुपये ट्रांसफर किए हैं। इसके बाद सहायक प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनसे गबन की पूरी राशि वसूल कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए।
शाखा प्रबंधक नरेश चंद्र मौर्य ने बनियाठेर थाने में आरोपी सहायक प्रबंधक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने आरोपी सहायक प्रबंधक आरती के खिलाफ गबन के आरोप में विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि बैंकिंग फ्रॉड से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।