संभल। कोरोना काल में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए सकार ने तीन महीने तक निशुल्क खाद्यान्न देने का निर्णय लिया है। प्रति यूनिट पांच किलोग्राम खाद्यान्न दिया जाना है। जनपद संभल में 3,94,241 राशन कार्ड धारक हैं । इसमें 1636161 यूनिट हैं। इन्हें निशुल्क खाद्यान्न के लिए पात्र माना गया है। एक महीने में 83 हजार क्विंटल खाद्यान्न का वितरण होगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी नरेंद्र कुमार तिवारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि खाद्यान्न का उठान शुरू हो चुका है। कोटेदारों के पास खाद्यान्न भेजा जा रहा है ताकि 20 मई से वितरण शुरू हो सके। अंत्योदय हो या फिर पात्र गृहस्थी कार्ड, दोनों स्थितियों में पांच किलोग्राम प्रति यूनिट के हिसाब से खाद्यान्न दिया जाएगा। इसमें 3 किलोग्राम प्रति यूनिट गेहूं और 2 किलोग्राम प्रति यूनिट चावल होगा। पांच किलोग्राम प्रति यूनिट के हिसाब से दिए जाने वाले अतिरिक्त खाद्य पदार्थ के बदले में शुल्क नहीं लिया जाएगा लेकिन जो नियमित रूप से प्रतिमाह खाद्यान्न दिया जाता है, उसमें दो रुपये प्रति किलोग्राम गेहूं और तीन रुपये प्रति किलोग्राम चावल के दाम लिए जाने हैं।
नियमित रूप से दिया जाने वाला खाद्यान्न प्रत्येक महीने की 5 से 17 तारीख तक वितरित होता है जबकि अतिरिक्त खाद्यान्न 20 मई से निशुल्क वितरित होना है। जिले के 953 कोटेदार इसका वितरण करेंगे।