बहजोई। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर धनारी के मानकपुर के निकट अनियंत्रित होकर कार पेड़ में टकरा गई। इससे कार सवार जिला बदायूं के थाना उद्यैती के गांव छिबऊ निवासी युवक जीशान, 30 वर्ष की मौत हो गई। वहीं, बुजुर्ग महिला मुख्तरी पत्नी नौसे अली, उनका बेटा अहसान अहमद, बेटे की पत्नी जुबी उर्फ शबेनूर समेत 1 वर्ष की बेटी मायनूर घायल हो गई। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को अलीगढ़ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। हादसा बृहस्पतिवार को दोपहर बाद करीब तीन बजे हुआ।
विज्ञापन
परिजनों में मोहम्मद कलीम ने बताया कि जिला बदायूं के थाना उद्यैती के गांव छिबऊ निवासी यह सभी उसके रिश्तेदार हैं। जुबी की डिलीवरी होनी थी। इसको लेकर गांव से यह लोग कार में सवार होकर अलीगढ़ के लिए जा रहे थे, कि तभी रास्ते में बहजोई-बबराला के बीच गांव मानकपुर के निकट अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई और हादसे में जीशान की जान चली गई। वहीं, कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसने बताया कि जीशान बेल्डर का काम करता था। उसके दो छोटे-छोटे बेटे हैं। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।