संभल। कैलादेवी थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे के खिरनी इंटरचेंज के नजदीक बृहस्पतिवार की रात करीब 8.30 बजे बाइक को आलू से भरी बेकाबू कैंटर ने टक्कर मार दी। इसमें नखासा थाना क्षेत्र के गांव हिसामपुर निवासी आसताबी (55) की मौत हो गई। जबकि इनका बेटा बिलाल, बिलाल की पत्नी गुले मेहताब, बिलाल की बेटी अनाइजा और बेटा सूफियान घायल हो गए।मृतका के बेटे ने बताया कि वह अपनी ससुराल बाइक से आया था। साथ में मां, पत्नी और दो बच्चे थे। बृहस्पतिवार की रात लौटते समय खिरनी में पेट्रोल पंप के नजदीक कैंटर ने पीछे से टक्कर मार दी थी। इसमें मां और पत्नी को गंभीर चोट आई है। बिलाल ने बताया कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मां को मृत घोषित कर दिया और पत्नी को मुरादाबाद रेफर कर दिया है। वहीं, दूसरी ओर हादसे के बाद कैंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कैंटर चालक भाग गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।