संभल। मणिपुर में महिलाओं के साथ हुए अत्याचार के विरोध में युवा राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पैदल कैंडल मार्च निकाला। मांग उठाई कि महिलाओं को अपमानित करने वाले कोई हो, ऐसे लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
युवा राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रविवार की शाम शंकर चौराहे पर एकत्रित हुए। इसके बाद सभी हाथों में कैंडल लेकर शंकर चौराहे से चौधरी चरण सिंह पार्क पर पहुंचे। जहां पीड़ित महिलाओं को इंसाफ दिलाए जाने की मांग उठाई गई। मणिपुर हिंसा की जांच सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस पैनल से कराने की मांग की। राष्टीय सचिव मनी धारीवाल ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ जो घटना हुई, वह मानवता को शर्मसार करने वाली है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना होने के बाद सरकार ठोस कदम नहीं उठा रही है। मांग उठाई कि मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। कैंडल मार्च में राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष कैसर अब्बास, मोअज्जम खां, योगेन्द्र सिंह, अनुज चौधरी, हुसैन साहब, पीके सैनी, शेखर जाटव, आबू तालिब, अर्जुन धारीवाल, विमल चौधरी, प्रिंस लिट, अरूण आदि मौजूद रहे।