संभल। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात प्रेमी युवक के साथ प्रेमालाप करते हुए युवती को परिजनों ने पकड़ लिया। प्रेमी युवक की पिटाई की तो वह मौके से भाग गया। इसी दौरान युवती ने यूपी112 पुलिस को सूचना दी और कहा कि उसके परिजन उसको मार देंगे। बचा लो। मौके पर पुलिस पहुंच गई। जानकारी की तो युवती ने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ थी। परिजनों ने देख लिया और अब वह मारपीट कर रहे हैं।
पुलिस युवती और उसके परिजनों को थाने ले गई। युवती ने थाने पहुंचकर कहा कि वह अपने प्रेमी से ही शादी करेगी। पुलिस ने प्रेमी युवक के परिजनों को भी थाने बुला लिया। इसके बाद तय हुआ कि होली के बाद शादी की रस्म को अदा किया जाएगा। होली से पहले शादी तय नहीं की जा सकती है।
इसके बाद युवती को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि युवती जिस युवक से शादी करने की जिद कर रही है, वह उसकी बहन का देवर है और आए दिन घर आता जाता है। रविवार को भी वह आया था। इसी दौरान पकड़ा गया। असमोली थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में शादी तय होने पर सहमति बन गई है। होली के बाद शादी की रस्म अदा होनी हैं। ऐसा लिखकर दिया है।