संभल बहजोई मार्ग पर किसौली के निकट दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई बारातियों की बस।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला संभल
बहजोई-संभल मार्ग पर गुरुवार को देर रात्रि हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इस हादसे में 20 से अधिक बारातियों को चोट आई। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है। पवांसा निवासी योगेंद्र शर्मा की बारात गुरुवार की शाम पवांसा से बहजोई गई। देर रात लगभग तीन बजे बारात की बस पवांसा आ रही थी।
रास्ते में भवन और बहजोई के बीच सामने से आ रही गन्ना लदी टैक्टर-ट्राली से बस जा टकरा गई। टकराने के बाद बस खाई में जाकर गिरी और फिर पेड़ से जा टकरा गई जिसमें 20 से अधिक बाराती घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने सभी घायलों को निकाला और उपचार के लिए भेजा। डायल 100 पर पुलिस को खबर दी गई। बहजोई थाने की पुलिस और डायल 100 की गाड़ी तत्काल मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के जरिए घायलों को निकट के अस्पतालों में भेजा। हादसे में तेजराम यादव निवासी अमावती, गंभीर रूप से घायल हो गए।
उनको मुरादाबाद रेफर किया गया। घायलों में पवांसा निवासी ब्रजपाल, अंकित शर्मा, अमन शर्मा, जगपाल, नेकसे, अनीता, रामप्रकाश, हरिओम, शुभम, प्रवेंद्र, मनोज, परमेश्वर लाल गुप्ता अमावती निवासी दिनेश, अमरीश, हितेश व बिलारी निवासी नौबत राम, मुरादाबाद निवासी सोमवती तथा अतरासी के कल्लू और बस ड्राइवर दिनेश शामिल हैं। यह लोग मामूली रूप से घायल थे इनको प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।