मुख्य बाजर में आग लगने के बाद कपड़े की दुकान का नजारा।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में मुख्य बाजार में बुधवार की देर रात को डाकखाना रोड स्थित कपड़े की दुकान में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज फैली कि पड़ोस की दो दुकानों भी चपेट में ले लिया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर दमकल की गाड़ी पहुंची। कर्मियों ने मशक्कत करके आग बुझाई। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये की कीमत का कपड़ा व अन्य सामान जल गया।
शहर के मोहल्ला कोट पूर्वी निवासी गौरव की डाकखाना रोड स्थित मुख्य बाजार में कपड़े की दुकान है। बुधवार शाम को गौरव रोजाना की तरह दुकान बंद करके घर चले गए। देर रात एक बजे उनके घर पर एक युवक पहुंचा। उसने गेट खटखटाया। गौरव उठे तो उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी दी।
इसके बाद वह परिजनों के साथ तुरंत दुकान पर पहुंचे। किसी तरह दुकान का शटर खोला तो आग भड़क गई। गौरव झुलसने से बच गए। आग इतनी विकराल थी कि पड़ोस की दो दुकानों को भी चपेट में ले लिया। दिनेश कुमार और जगदीश की दुकान पर भी आग की लपटें पहुंचीं।
इस बीच आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर लग गई। लोग घरों से बाहर आकर किसी तरह आग बुझाने के उपाय सोचने लगे। आग लगने की सूचना दमकल को दी गई। तुरंत दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। कर्मियों ने आग पर पानी डालने का काम शुरू कर दिया। 40 मिनट बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की घटना से बड़ा नुकसान हुआ। गौरव ने बताया कि 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट होना सामने आई।