हजरतनगर गढ़ी में ई कचरा बरामद करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नखासा थाना क्षेत्र में सिरसी चौकी पुलिस ने ई कचरा जलाकर धातुएं निकालने के अवैैैध कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने गुरुवार रात को गांव हजरतनगर गढ़ी में छापा मारा। मौके से 32 कट्टे ई कचरा बरामद किया। एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बाद में उसे थाने से जमानत मिल गई। वहीं, इस मामले में पुलिस ने प्रदूषण फैलाकर वातावरण को खराब करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गुरुवार रात को मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि गांव हजरतनगर गढ़ी में एक ईंट भट्ठे के पास गड्ढे में ई कचरा जलाया जा रहा है। पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। सिरसी चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। सूचना हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस को भी मिली थी। इसलिए सिरसी पुलिस से पहले हजरतनगर गढ़ी पुलिस भी पहुंच गई थी। पुलिस ने देखा कि गड्ढे में ई कचरा जलाया जा रहा था। पुलिस को देखकर मौजूद लोगों में खलबली मच गई। कुछ लोग भाग गए।
पुलिस ने मौके से ई कचरे से भरे 32 कट्टे बरामद किए। पुलिस ने मौके से रफीक निवासी मोहल्ला नागपुर कस्बा भोजपुर को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष सर्वेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ई कचरे के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मौके से पकड़े गए रफीक को जमानत मिलने पर छोड़ दिया गया। अब उन लोगों की तलाश की जा रही है जो मौके से भाग गए।