चंदौसी। कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गुरसरी गांव में बृहस्पतिवार रात चोरों ने चार सगे भाइयों के घरों को निशाना बनाया। दो घरों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी हो गई। हालांकि, दो अन्य घरों में चोर नकब लगाकर भी चोरी करने में नाकाम रहे।
पीड़ित हरिओम प्रजापति ने बताया कि चोर रात करीब 2 बजे नकब लगाकर घर में घुसे। उस समय परिवार गहरी नींद में था। सुबह 5 बजे जागने पर उन्हें चोरी का पता चला। चोर उनके संदूक से सोने-चांदी के जेवर और 12 हजार रुपये नकद ले गए। उनके भाई सुरेश के घर से भी जेवरात और 10 हजार रुपये की नकदी चोरी हुई। महावीर और राजपाल के घरों में भी नकब लगाया गया था पर चोर कुछ नहीं ले जा सके। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलने पर पीआरवी मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने थाने में अलग-अलग तहरीर दी है। क्षेत्र में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। 25 अगस्त को बलकरनपुर में रिंकू के घर से नकदी व जेवरात चोरी हुए थे। 28 अगस्त को कौरेरा गांव में दंपती सोनू और अंशु से लूट हुई थी। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। उन्होंने कहा कि एक घर में चोरी की पुष्टि हुई है। इस मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।