संभल के नखासा थाना क्षेत्र में चेहल्लुम के जुलूस के दौरान अचानक सांड़ घुसने से भगदड़ मच गई। बेकाबू सांड़ ने कई लोगों को पटककर घायल कर दिया। घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए। एक की हालत गंभीर है।
संभल जिले के नखासा थाना क्षेत्र में चेहल्लुम के जुलूस में अचानक अफरातफरी मच गई। हजारों की भीड़ के बीच अचानक सांड़ घुस आया और वह बेकाबू होकर लोगों को पटकने लगा। घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें मंडी किशनदास सराय निवासी नादे अली (10) की हालत गंभीर है।
विज्ञापन
उसे आनन-फानन निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम चेहल्लुम का जुलूस जैसे ही नखासा चौराहे के पास पहुंचा, तभी अचानक एक सांड़ भीड़ में घुस गया। लोग उसे भगाने लगे तो वह और बिगड़ गया और जुलूस में शामिल नादे अली को सींगों पर उठाकर पटक दिया।
इसके बाद सांड़ भीड़ में दौड़ने लगा और कई लोगों को घायल कर दिया। अचानक हुई इस घटना से जुलूस में भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस बीच पुलिसकर्मी भी अफरातफरी के बीच लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिश करते नजर आए।
विज्ञापन
कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाकर सांड़ को भगाया। तब स्थिति पर काबू पाया जा सका। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि सांड़ जुलूस की भीड़ में घुसा और लोग घबराकर भागते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही नादे अली के परिजन अस्पताल पहुंचे। शनिवार को भी उसका इलाज जारी रहा।