संवाद न्यूज एजेंसी
चंदौसी। जिले में अल्पसंख्यक विभाग की ओर से बनाए गए तीन राजकीय इंटर कॉलेज की बिल्डिंग तैयार होने के एक माह बाद भी माध्यमिक शिक्षा विभाग के हैंडओवर नहीं हुई है। अभी संसाधन भी उपलब्ध नहीं है और न ही शासन स्तर से शिक्षकों की तैनाती होगी। वही माध्यमिक शिक्षा विभाग आगामी सत्र एक अप्रैल 2024 से विद्यालयों को संचालित करने का दावा कर रहा है।
संभल जनपद में अल्पसंख्यक विभाग की योजना के तहत संभल ब्लॉक के गांव सिकंदरपुर सराय, गांव शहबाजपुर, असमोली ब्लॉक के गांव सदीरनपुर में राजकीय इंटर कॉलेज बनाए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय के निर्माण में 3.15 करोड़ की लागत आई है। इन तीनों विद्यालयों की बिल्डिंग बनकर तैयार हुए करीब एक माह का समय हो गया है, पर अभी तक यह बिल्डिंग माध्यमिक शिक्षा विभाग के हैंडओवर नहीं हुई है। अभी तक छात्रों के बैठने के लिए बैंच, कुर्सी, पंखे, लैब, स्टाफ के लिए कुर्सी मेज, आफिस के लिए अलमारी सेफ व अन्य संसाधन नहीं है। ऐसे में आगामी सत्र एक अप्रैल से विद्यालयों का संचालित होना मुश्किल है। हैंडओवर होने के बाद ही विभाग संसाधन जुटाने के लिए शासन को पत्राचार करेगा और स्वीकृति मिलने पर खरीदारी की जाएगी।
शासन से तैनात नहीं होंगे शिक्षक, अन्य विद्यालयों से करने होंगे संबद्ध :
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि तीन नये बने राजकीय इंटर कॉलेज के लिए अभी शासन से शिक्षकों की कोई व्यवस्था नहीं होगी। ऐसे में डीआईओएस को जिले में तैनात शिक्षकों में से ही व्यवस्था करके स्कूल संचालित करने होंगे। जिले में करीब 12 राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय हाईस्कूल संचालित हैं। इनमें पहले से ही शिक्षकों का अभाव है और करीब 50 फीसदी शिक्षक ही तैनात है।
ग्रामीण क्षेत्र में छात्रों को मिलेगा लाभ:
असमोली ब्लॉक क्षेत्र के गांव सदीरनपुर के करीब आठ किलोमीटर सर्किल में न तो कोई राजकीय इंटर कॉलेज हैं और न ही कोई वित्त सहायता प्राप्त विद्यालय है। तीनों विद्यालय अल्पसंख्यक बाहुल्य आबादी क्षेत्र में बनाए गए हैं। इस कारण सदीरनपुर में अधिक बच्चों के पंजीकृत होने की उम्मीद है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालय बनने से छात्रों को लाभ मिलेगा।
-
जिले में तीन राजकीय इंटर कॉलेज की बिल्डिंग बनकर तैयार है। अभी बिल्डिंग हैंडओवर नहीं हुई है। शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। नये शिक्षक नहीं मिलेंगे। अन्य विद्यालयों से शिक्षकों को संबद्ध करके स्कूलाें को संचालित किया जाएगा। एक अप्रैल से हर हाल में विद्यालय संचालित कर दिए जाएंगे।
वेदराम पांडेय, डीआईओएस संभल।