बहजोई। एक तो आए दिन वैसे ही बीएसएनएल की सेवा ठप सी रहती है। बावजूद इसके शिकायतों के निस्तारण को लेकर भी बीएसएनएल के अफसर गंभीर नहीं है। इससे उपभोक्ताओं को मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।
नगर में बीएसएनएल के अधिक संख्या में फोन और ब्रॉड-बैंड के कनेक्शन हैं। बीते वर्ष में तो बीएसएनएल की खराबी को लेकर अफसरों ने एनएच निर्माण को लेकर ओएफसी केबिल कटने के कारण सेवा प्रभावित होने का हवाला देते हुए पल्ला झाड़ा था।
अब तो एनएच निर्माण भी पूरा होने के बावजूद भारत संचार निगम लिमिटेड की फोन और मोबाइल सेवा पटरी पर नहीं आ पा रही है। आए दिन नेटवर्क प्रभावित हो जाता है। बिल भुगतान करने के बावजूद उपभोक्ताओं को बीएसएनएल की सुचारु सेवा उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे उपभोक्ता खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
शिकायत करने पर फोन नहीं उठाते अफसर
बीएसएनएल की ठप सेवा को लेकर यदि उपभोक्ता बीएसएनल के अफसरों को फोन करते हैं, तो अफसरों की ओर से फोन उठाने की भी जहमत नहीं समझी जाती। इससे समस्या का निस्तारण भी समय पर नहीं हो पाता। उपभोक्ताओं के इंटरनेट पर अपने कामकाज निपटाने में दिक्कत आती है।
धीरे-धीरे बीएसएनएल से दूर होते जा रहे हैं उपभोक्ता
आए दिन बीएसएनएल की सेवा चौपट रहने तथा अफसरों की उदासीनता और समय पर शिकायतों का निस्तारण न होने के कारण धीरे-धीरे उपभोक्ता बीएसएनएल से दूर होते जा रहे हैं और दूसरी कंपनियों के नेटवर्क पर भरोसा जताते हुए लोग उनके कनेक्शन ले रहे हैं।