बहजोई थाना में आरोपियों से जानकारी लेते एसओ प्रवीन सोलंकी। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
गांव सादातबाड़ी में दबिश देकर पुलिस ने नामी-गिरामी कंपनी के डिब्बों व पाउच में नकली मोबिल भरते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर चालान किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सौ लीटर नकली मोबिल समेत ड्रम व पैकिंग समेत उपकरण बरामद किए हैं।
थाना पुलिस ने शुक्रवार की देर रात गांव सादातबाड़ी के एक मकान में दबिश दी। मकान में दो लोगों को नामी-गिरामी कंपनी के डिब्बों व पाउच में नकली मोबिल भरते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों लोगों को गिरफ्तार कर पूरा सामान जब्त कर लिया और थाने ले आई। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपने नाम सुनील कुमार गुप्ता व अतुल कुमार गुप्ता पुत्रगण दामोदर निवासी गांव सादातबाड़ी थाना बहजोई बताया।
थानाध्यक्ष प्रवीन सोलंकी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के कब्जे से दो सौ लीटर नकली मोबिल, केस्ट्रॉल लिखे हुए तीन लोहे के ड्रम, नकली मोबिल भरीं जीटीएस केस्ट्रॉल लिखी एक लीटर वाली 20 प्लास्टिक की बोतलें, केस्ट्रॉल एक्टिव लिखीं एक लीटर वाली 13 प्लास्टिक की खाली बोतलें, लाल रंग के 68 ढक्कन, 66 रैपर केस्ट्रॉल कंपनी के नकली, 34 रबर केस्ट्रॉल कंपनी की नकली, 393 नकली सील केस्ट्रॉल कंपनी, एक लीटर व आधा लीटर का माप बर्तन व एक बाल्टी 20 लीटर की तथा एक पंप ड्रम से मोबिल ऑयल निकालने वाला बरामद किया गया है।
एसओ ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत 63 कॉपी राइट एक्ट की धाराओं में एफआइआर दर्ज कर चालान किया गया है।