बबराला (संभल)। गांव मीरमपुर में मंगलवार की सुबह ननिहाल आए ओमकार के धेवते दिव्यांश (10) की छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर माैत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम प्रशासक शिशुपाल ने बताया कि गांव निवासी ओमकार की बेटी सुमन की शादी दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी कोमल के साथ हुई थी। बताया कि सुमन करीब एक सप्ताह पहले बेटी प्रिया और बेटे धीरज, दिव्यांश उर्फ दिनेश व डिग्गू के साथ अपने मायके मीरमपुर आई थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10:30 बजे दिव्यांश बांस की सीढ़ी के सहारे पड़ोसी अतर सिंह के मकान की छत पर पहुंच गया। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। परिजन उपचार के लिए बबराला के निजी अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। बिजली विभाग के एक्सईएन डिंकल पटेल ने बताया कि संबंधित लाइन मकान निर्माण से पहले से लगी है और मकान स्वामियों को कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। मामले की जांच की जा रही है।