जुनावई। थाना क्षेत्र के गांव दुवारी कला में शनिवार को सड़क हादसा हो गया। अपने पिता की ननिहाल आए चित्रांश (7) की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग गया।
जनपद अलीगढ़ के थाना अतरौली क्षेत्र के गांव गोवली निवासी चित्रांश अपने पिता मनोज कुमार की ननिहाल दुवारी कला गांव में सुरेश के यहां रिश्तेदारी में आया हुआ था। बताया जाता है कि बालक सड़क पार कर रहा था तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चित्रांश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
ग्रामीणों की भीड़ जमा होने पर परिजन घायल बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही बालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि शव सील कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है लेकिन चालक भागा हुआ है।
हादसे ने छीन लिया घर का इकलौता चिराग
सड़क हादसे में मासूम चित्रांश की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। परिजन उसकी मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। परिजनों के मुताबिक मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया है। मां राधा और छोटी बहन रिचा को रोते-रोते बुरा हाला है।