संभल में लगा मुलायम सिंह के नाम का बोर्ड
- फोटो : अमर उजाला
संभल के थाना धनारी के भिरावटी-धनारी मार्ग पर स्थित आर्थल चौराहे पर मुलायम सिंह यादव के नाम का बोर्ड लगाया गया है। अब यह चौराहा चौक के नाम से जाना जाएगा। यह बोर्ड सोमवार की रात लगाया गया। मंगलवार की सुबह होने पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
लोगों के बीच चर्चा है कि यह बोर्ड मुलायम सिंह यादव के समर्थकों ने लगाया है। जो बोर्ड लगा है उसमें प्रस्तावक के तौर पर गांव बायभूड निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक महीपाल यादव का नाम अंकित है। जबकि संयोजक के रूप में जिला पंचायत सदस्य कुवंरपाल यादव का नाम अंकित है।
इस बोर्ड पर लिखा है कि यह नेता जी मुलायम सिंह चौक है। मालूम हो कि समाजवादी के संस्थापक मुलायम सिंह का 10 अक्तूबर को निधन हो गया था। उनके समर्थक उनकी याद में तरह- तरह के कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में यह बोर्ड लगाया गया है। चर्चा है कि यह बोर्ड लगाने के लिए अनुमति नहीं ली गई है।
हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से इस बोर्ड पर मंगलवार की देर रात तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। लोगों में चर्चा है कि आर्थल चौराहा अब नेता जी मुलायम सिंह यादव चौक के नाम से जाना जाएगा।